राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने दिखाया मानवता के कल्याण का रास्ता : शिवराजसिंह



  •  भोपाल - महात्मा गांधी भारत के ही नहीं, पूरे विश्व के हैं। गांधी जी के विचार ही मानवता के कल्याण का मार्ग हैं। हमें उनके दिखाये हुए मार्ग पर चलकर, बापू के विचारों को आत्मसात कर बेहतर भारत और बेहतर दुनिया के निर्माण में सहयोग करना है। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के उपाध्यक्ष श्री शिवराजसिंह चौहान ने राजधानी के मिंटो हॉल परिसर में 'गांधी संकल्प यात्रा' की शुरुआत करते हुए कही। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री श्री चौहान सहित पूर्व केंद्रीय मंत्री सुश्री उमा भारती,  प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत एवं पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधियों ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। गांधी संकल्प यात्रा मिंटो हॉल से लाल परेड ग्राउंड, लिलि टॉकीज, जहांगीराबाद होते हुए पातरा चौराहे पर पहुंची। संकल्प यात्रा में शामिल नेताओं ने यात्रा मार्ग में स्वच्छता अभियान में भाग लिया और सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त का आव्हान करते हुए कागज के बेग भी वितरित किए।

  •   गांधी संकल्प यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गांधी जी ने हमे मानवता के कल्याण का रास्ता दिखाया, तो पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लालबहादुर शास्त्री जी ने 'जय जवान जय किसान' का नारा देकर भारत में नये प्राण फूंके। उन्होंने कहा कि सादगी और कर्तव्यनिष्ठा के पर्याय शास्त्री जी के देश सेवा के प्रयासों को कभी भुलाया न जा सकेगा। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, संभागीय संगठन मंत्री श्री आशुतोष तिवारी, प्रदेश प्रवक्ता श्री आलोक संजर, जिला अध्यक्ष श्री विकास विरानी, विधायक श्री विश्वास सारंग, महापौर श्री आलोक शर्मा, प्रदेश मंत्री व विधायक श्रीमती कृष्णा गौर, श्री भक्तपाल सिंह, श्री धु्रवनारायण सिंह, श्री सुरजीत सिंह चौहान, श्री अंशुल तिवारी, श्री सुनील यादव, श्री अशोक सैनी, श्री हीरेन्द्र बहादुर सिंह, श्री राजकुमार विश्वकर्मा सहित पार्टी के जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।